भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का अंगोला की संसद में संबोधन (HINDI)
इस भव्य संसद सदन और अंगोला के जन-प्रतिनिधियों को संबोधित करना, मेरे लिए अत्यंत गौरव का विषय है — विशेषकर उस ऐतिहासिक अवसर पर जब आप अपनी स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती मना रहे हैं। संघर्ष से लेकर स्वतंत्रता, शांति स्थापना, और लोकतंत्र तक, अंगोला की यात्रा पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।
मैं इस अवसर पर अंगोला गणराज्य के महामहिम राष्ट्रपति को भी धन्यवाद देती हूँ, जिनके स्नेहपूर्ण आमंत्रण पर मैं कल अंगोला पहुँची हूँ। मेरे साथ हमारे राज्य मंत्री श्री वी सोमन्ना, तथा हमारे संसद के दो माननीय सदस्य, श्री पी वसावा और श्रीमती डी के अरुणा भी इस यात्रा में सम्मिलित हैं।







