भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का रोमानिया में भारतीय समुदाय के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में संबोधन (HINDI)

बुखारेस्ट : 25.07.2026

Download : Speeches भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का  रोमानिया में भारतीय समुदाय के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में  संबोधन (HINDI)(105.59 KB)
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का  रोमानिया में भारतीय समुदाय के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में  संबोधन (HINDI)

बुखारेस्ट में आप सभी से मिलकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। रोमानिया की यह मेरी पहली यात्रा है। जब भी मैं विदेश यात्रा पर जाती हूँ, वहाँ रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्यों से मिलने के लिए सदैव उत्सुक रहती हूँ। भारत से दूर रहने के बावजूद, आप मातृभूमि से जुड़े हुए हैं। आपकी उपलब्धियां और भारत के प्रति आपका प्रेम हर भारतीय को गौरवान्वित करता है।

इस यात्रा में मेरे साथ भारत सरकार की राज्य मंत्री श्रीमती निमुबेन बंभाणिया तथा संसद सदस्य श्री विजय बघेल और डॉ. दिनेश शर्मा भी उपस्थित हैं।

पिछले दो दिनों की अपनी यात्रा के दौरान, मैंने भारत के प्रति रोमानिया की आत्मीयता और सद्भावना का प्रत्यक्ष अनुभव किया है। राष्ट्रपति दान तथा अन्य नेताओं के साथ हुई मेरी बैठकों में मैंने हमारी साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की उनकी स्पष्ट प्रतिबद्धता और उत्साह को देखा। इससे भारत-रोमानिया संबंधों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति मेरा विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

आज हमारे दोनों देशों के बीच सहयोग पहले से कहीं अधिक व्यापक और गतिशील है। हमारी सरकारें sustainable development, climate change से निपटने के प्रयासों, आतंकवाद के विरुद्ध सहयोग तथा rules based, शांतिपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने जैसे वैश्विक मुद्दों पर मिलकर कार्य कर रही हैं।

इस वर्ष जनवरी में India-European Union Free Trade Agreement का संपन्न होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके शीघ्र क्रियान्वयन से रोमानिया सहित EU के सभी सदस्य देशों के साथ व्यापारिक संबंधों का उल्लेखनीय विस्तार होगा। इस यात्रा में भारत का एक बड़ा business delegation भी मेरे साथ आया है, जिसने India-Romania Business Forum के दौरान Romanian business community के साथ अत्यंत सार्थक विचार-विमर्श किया। Defence, renewable energy, digital technology, education, research, healthcare, science & technology, AI, innovation तथा advanced manufacturing जैसे नए क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

मुझे यह देखकर प्रसन्नता हुई है कि भारतीय companies और भारतीय professionals रोमानिया के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं तथा साथ ही हमारे दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं।

भारत-रोमानिया संबंधों का सबसे महत्वपूर्ण आधार, हमारे लोगों के बीच आत्मीय संबंध हैं। यह देखकर मुझे प्रसन्नता हुई है कि भारतीय प्रवासी समुदाय एकजुट होकर रोमानिया में भारत की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है। भारतीय IT engineers, scholars, researchers, health care professionals, तथा विद्यार्थियों की नई पीढ़ी अब रोमानिया को अपना घर बना रही है।

रोमानिया की अर्थव्यवस्था और समाज में आपका योगदान तथा यहाँ भारतीय संस्कृति और मूल्यों के प्रसार के लिए आपके प्रयास, आपको भारत का सच्चा प्रतिनिधि बनाते हैं। आपने अपने परिश्रम, प्रतिभा और समर्पण के बल पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। इस अवसर पर मैं रोमानिया की सरकार और जनता का भी आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने भारतीय समुदाय का खुले मन से स्वागत किया है तथा उनकी सुरक्षा का ध्यान रखा है।

Dear friends,

I see many of our Romanian 'Friends of India' present in the audience. A warm welcome to you all. Your love for Indian art and culture, as well as your spiritual connections with India, form an important bridge bringing our people together. I thank you for your continued support in further strengthening the bonds of friendship and cooperation between our two nations.

India and Romania are both ancient civilizations with rich cultural traditions. Romania has given the world many outstanding artists, musicians, writers and philosophers. India has always cherished diversity, dialogue and the pursuit of knowledge. It is heartening to see Yoga, Ayurveda, Indian dance, music, cinema and cuisine gaining popularity in Romania.

मित्रों,

आज भारत नए आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ विकास की दिशा में अग्रसर है। विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भारत सबसे तेज गति से प्रगति करने वाले देशों में है। Digital technologies, innovation, renewable energy, infrastructure, healthcare तथा start-ups जैसे क्षेत्रों में हमारे देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं, और विकास की यह गति लगातार बनी हुई है।

‘विकसित भारत 2047' का हमारा संकल्प एक ऐसे भारत के निर्माण का है जो समृद्ध, आधुनिक, आत्मनिर्भर और समावेशी हो। मैं आप सभी से आग्रह करती हूँ कि इस राष्ट्रीय विकास यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी बनाए रखें। आप विश्व के किसी भी भाग में रहते हों, आपका अनुभव, विशेषज्ञता और उपलब्धियाँ भारत की प्रगति को नई शक्ति प्रदान करती हैं तथा विभिन्न देशों के साथ हमारे संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाती हैं।

भारत सरकार आपके कल्याण के लिए, तथा विश्वभर में बसे भारतीय परिवार के प्रत्येक सदस्य के साथ संबंधों को बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी। आइए, हम सभी मिलकर विश्वास, साझा समृद्धि और अटूट मित्रता पर आधारित भारत-रोमानिया साझेदारी को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करें।

मैं आप सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और सफलता की कामना करती हूँ। भारत और रोमानिया की मित्रता निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करती रहे।

धन्यवाद!
जय हिन्द!

Subscribe to Newsletter

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
The subscriber's email address.