ब्राज़ील के राष्ट्रपति महामहिम लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा के सम्मान में आयोजित भोज में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का अभिभाषण (HINDI)

राष्ट्रपति भवन : 21.02.2026

Download : Speeches ब्राज़ील के राष्ट्रपति महामहिम लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा  के सम्मान में आयोजित भोज  में  भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु  का अभिभाषण (HINDI)(93.18 KB)
ब्राज़ील के राष्ट्रपति महामहिम लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा  के सम्मान में आयोजित भोज  में  भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु  का अभिभाषण (HINDI)

महामहिम, आपके इस राजकीय दौरे पर भारत में आपका स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत हर्ष हो रहा है। नई दिल्ली में एक सच्चे मित्र का पुनः स्वागत करना हमारे लिए विशेष आनंद का विषय है। मुझे ज्ञात है कि यह आपका भारत का छठा दौरा है। आपकी प्रत्येक यात्रा के साथ हमारे मैत्रीपूर्ण संबंध और भी सुदृढ़ हुए हैं।

आज, हम केवल दो राष्ट्रों के रूप में नहीं मिल रहे हैं बल्कि दो पुराने मित्रों के रूप में उस बंधन का उत्सव मना रहे हैं जिसका विस्तार Atlantic और हिंद महासागरों तक है।

महामहिम राष्ट्रपति जी, आपका जीवन लाखों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत है। आपके प्रारंभिक जीवन और युवावस्था की कठिनाइयों ने आपको और अधिक परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। संघर्ष के उन वर्षों ने आपको जन-जन की पीड़ा को समझना सिखाया और आपने लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना कभी नहीं छोड़ा। आप factory floor से उठकर ब्राज़ील के सर्वोच्च पद तक पहुंचे - यह सिद्ध करते हुए कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे शक्तिशाली होती है।

आज भारत और ब्राज़ील विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के रूप में साथ खड़े हैं। हम Global South की अग्रणी आवाज हैं जो ऐसे विश्व के लिए कार्यरत हैं जहाँ कोई भी बच्चा भूखा न सोए। साझा मूल्यों से परे भारत और ब्राज़ील एक Strategic Partnership से जुड़े हैं जो प्रत्येक वर्ष और सशक्त हो रही है। अब हम केवल वैश्विक राजनीति और व्यापार में ही साझेदार नहीं हैं बल्कि भविष्य को आकार देने में भी भागीदार हैं।

हम मिलकर bio-fuels तथा clean और sustainable ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहे हैं। G-20, BRICS और IBSA जैसे मंचों के माध्यम से हम Global South के हितों के लिए आवाज उठाते हैं। आज की जटिल और अनिश्चितताओं से भरी दुनिया में भारत-ब्राज़ील संबंधों की स्थिरता, शक्ति का एक स्तंभ है। हम मिलकर वैश्विक संस्थाओं में सुधार के लिए कार्य कर रहे हैं ताकि वे आज की वास्तविकताओं के अनुरूप हों।

भौगोलिक दूरी के बावजूद भारत और ब्राज़ील के लोगों को संगीत, नृत्य, cinema, आध्यात्मिकता और जीवंत उत्सवों के प्रति साझा प्रेम जोड़ता है। Samba की लय हो या हमारे लोकनृत्यों की ऊर्जा, football का जुनून हो या cricket का उत्साह - जीवन के प्रति हमारा उमंग भरा दृष्टिकोण हमें एक आत्मीय बंधन में बांधता है। हम दोनों ऐसे राष्ट्र हैं जो आशा और साहस के साथ भविष्य की ओर देखते हैं।

महामहिम, आपकी यात्रा हमें यह स्मरण कराती है कि आशा और कठिन परिश्रम दुनिया को बदल सकते हैं। हमारे साथ इस साझा इतिहास के नए अध्याय को लिखते समय आपका हमारे बीच होना हमारे लिए सम्मान की बात है। इन्हीं शब्दों के साथ, महामहिम, देवियो एवं सज्जनो, आइए हम सब मिलकर:

- महामहिम राष्ट्रपति लूला के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण,
- ब्राज़ील के लोगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि, तथा
- भारत और ब्राज़ील के बीच मित्रता को हमेशा बनाये रखने के लिए,

अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करें।

धन्यवाद।

Subscribe to Newsletter

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
The subscriber's email address.