स्पेन के विदेश मामलों, यूरोपीय संघ और सहकारिता मंत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 21.01.2026

å

स्पेन के विदेश मामलों, यूरोपीय संघ और सहकारिता मंत्री, महामहिम श्री होसे मैनुएल अल्बेरेस ने आज 21 जनवरी, 2026 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन में श्री अल्बेरेस का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और स्पेन के बीच सदियों से व्यापार, संस्कृति और लोकतंत्र एवं बहुलवाद के साझा समृद्ध संबंध हैं । उन्होंने उल्लेख किया कि इस वर्ष हम राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं जिसे 'भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का दोहरा वर्ष' के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और स्पेन के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं साथ ही, व्यापार और निवेश का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्पेन की इंजीनियरिंग, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा, शहरी सेवाओं और रक्षा-अंतरिक्ष क्षेत्रों में सुदृढ़ स्थिति भारत की विकास प्राथमिकताओं के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) संपन्न होनें से दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि बहुपक्षवाद के प्रबल समर्थक होने के नाते भारत और स्पेन को संयुक्त राष्ट्र और जी-20 जैसे बहुपक्षीय मंचों पर मिलकर पूरे विश्व में शांति, समृद्धि और स्थिरता के अपने साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करना चाहिए।

राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए एक गंभीर खतरा बन चुके आतंकवाद के खतरे का मुकाबला करने के मामलों में भारत और स्पेन का एक जैसा नजरिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को अपने संसाधनों और क्षमताओं से मिलकर आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से एकजुट होकर लड़ना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोप और यूरोपीय संघ के साथ भारत के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं, और हमें प्रसन्नता है कि हम अपने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष का मुख्य अतिथि के रूप में स्वागत करेंगे।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता